शहर में गुरुवार की शाम अचानक मौसम में परिवर्तन देखा गया। शाम में बूटी क्षेत्र में घने बादल छा गए। कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई लेकिन जो कयास लगाए जा रहे थे उसके सापेक्ष कम वर्षा हुई। वहीं शाम से चल रही पूर्वी दिशा की ठंडी हवा ने एक बार फिर मौसम के तेवर बदल दिए हैं। तापमान में कमी हुई है।

इस वजह से न्‍यूनतम तापमान में आया बदलाव...

राजधानी रांची की बात करें तो अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। पूर्वी दिशा से आ रही ठंडी हवा ने न्यूनतम तापमान में बदलाव लाया है।

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया गया कि रांची में 23 फरवरी को आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क बना रहेगा। जबकि 24 से 28 फरवरी तक आंशिक बादल छाए रहने और मेघगर्जन होने की संभावना है।

जिलों में ठंडी हवाओं का जोरदार असर

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के उत्तरी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा और साहिबगंज के साथ साथ मध्य व निकटवर्ती क्षेत्र यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला और खूंटी में ठंडी हवा का असर देखा जा रहा है। वहीं राजधानी में 23 से 28 फरवरी तक तापमान में कोई बड़े बदलाव का पूर्वानुमान नहीं है।